बढ़ियाँ है गुरु, लगे रहिए!
नाम बदलना अपने आप में ख़तरनाक तरीक़ा है बदलाव लाने का। ऐसा कीजिए आप चाँदी और सोना का नाम बदल कर प्लैटिनम और प्लैटिनम प्रो कर दीजिए बाक़ी प्लैटिनम को प्लैटिनम प्रो मैक्स।
अब आपको लगेगा की इससे फ़ायदा क्या होगा? तो गुरु इससे फ़ायदा ये होगा की हिंदुस्तान में तीन तरह का प्लैटिनम हो जाएगा।
आप फिर पूछोगे की चाँदी और सोना के साथ क्या होगा? तो गुरु उसका इलाज ये होगा की आप डीज़ल और पेट्रोल का नाम बदल कर क्रमशः चाँदी और सोना कर देना। इससे सोने और चाँदी सस्ते हो जाएँगे और एक्स्पनेंसियल ग्रोथ वाला डीज़ल और पेट्रोल खबर से ऐसे ग़ायब हो जाएँगे जैसे ५०० और १००० के पुराने नोट।और इसके बाद जो होगा वो होगा इस बदलाव का मास्टर्स्ट्रोक , मतलब इस बदलाव के फ़ायदे, जो कि पिछले १० सालों से सवा सौ करोड़ की आबादी पर ठहरी हुई देश की जनता को कुछ इस तरह गिनवा देना -
- भाइयो-बहनो, आज से हिंदुस्तान ने एक नयी टेक्नॉलजी का ईज़ाद किया है। हमारे मुल्क की तमाम डीज़ल और पेट्रोल से चलने वाली गाड़ियाँ अब क्रमशः चाँदी और सोने पर चलेंगी। घबराइए मत, ये नया ईंधन आपकी पुरानी गाड़ियों को बेकार नहीं होने देगा बस थोड़ी अप्ग्रेडेसन की आवश्यकता होगी । और इसकी प्रक्रिया ठीक वैसी होगी जैसा की आपने आपने ५०० और १००० के नोट को २००० में बदलते वक्त किया था।
- भाइयो-बहनो, धैर्य रखिए। हमने आपकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस नए प्रकार के इंधन को काफ़ी कम क़ीमत पर उपलब्ध करवाने का निश्चय किया है। इसे आप पूर्ववर्ती डीज़ल और पेट्रोल के मात्र दोगुने मूल्य पर नज़दीकी रिलायंस सोना-चाँदी पम्प से ख़रीद पाएँगे।
- एक और ख़ास बात, हमने नज़दीकी सोना-चाँदी पम्प तक जाने के लिए नया राजमार्ग का भी निर्माण किया है ।अब आपको रिलायंस सोना-चाँदी पम्प तक जाने के लिए औरंगज़ेब मार्ग के बजाय कलाम मार्ग पर चलना पड़ेगा। औरंगज़ेब मार्ग हमने तत्काल प्रभाव से मुग़लों को वापस लौटा दिया।
- और हाँ अब आप सोच रहे होंगे कि आपके पास जो पहले से सोना चाँदी पड़ा है उसका क्या होगा? सोच रहे हैं कि नहीं सोच रहे हैं ? तो भाइयो-बहनो , ये सोना-चाँदी आपकी तिजोरी में पड़ी सोने-चाँदी से बिल्कुल अलग है। आपकी तिजोरी में पड़े-पड़े तमाम सोना-चाँदी अब बेकार हो गए हैं, उसे हमारे नज़दीकी 'डू आई केयर' बैंक लॉकर में जमा कराएँ और बदले में आधे वज़न का ‘प्लैटिनम’ और ‘प्लैटिनम प्रो’ ले जाएँ। आपकी सुविधा के लिए हमने इसका रंग-रूप चाँदी और सोना के तरह ही रखा है लेकिन ये पहले वाले से अलग है। ये नया इंडिया का प्लैटिनम है। रीनेम्ड एंड रेकग्नायज़्ड बाई इंडिया ओन्ली।
मेरे देशवासियो, अगर आपको ये मज़ाक़ लग रहा है तो ये मज़ाक़ आपके साथ बहुत पहले से चल रहा है। और इसी तरह चलता रहा तो आने वाले कुछ सालों में देश से ग़रीबी, लाचारी और बेरोज़गारी जैसी समस्याएँ ख़त्म हो जाएँगी । देश में सिर्फ़ दो तरह के लोग बचेंगे और खबर ये आएगा की हिंदुस्तान में अब कोई गरीब, बेबस, लाचार और बेरोज़गार नहीं बचा। नया इंडिया में २० फ़ीसदी लोग अमीर हैं और ८० फ़ीसदी आत्मनिर्भर!
- रीतेय #Reetey

